Hindi Knowledge

Hindi Knowledge -- इंटरनेट से सम्बंधित सारी जानकारी आपको यहाँ हिंदी (Hindi) में मिल जाएगी |

Monday, 25 June 2018

वह इंटरटेनमेंट बुरा है जो परिवार के साथ ना देख सके 
उपासना सिंह ने राजश्री फिल्म की हीरोइन के रूप में करियर शुरू किया था। कपिल शर्मा के शो में बुआ बनकर लोकप्रियता का शिखर छुआ। मनोरंजन की दुनिया को लेकर उपासना से अमर उजाला की विशेष बातचीत 
कपिल शर्मा के शो के बाद आप TV पर कम दिखीं। अब वेब सीरीज 'प्रॉब्लम नो प्रॉब्लम' कर रही है। खास वजह?

फिल्मों और टीवी के बाद वेब सीरीज का समय आ गया है। लोग घर बैठे, दफ्तरों में और सफर करते हुए मोबाइल पर इंटरटेनमेंट ढूंढ रहे हैं। TV के लिए एक जगह बैठना होगा फिल्मों के लिए थियेटर जाना पड़ेगा। भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास टाइम नहीं है, ऐसे में उन्हें जो भी थोड़ा खाली वक्त मिलता है, उसमें कुछ नया देखना चाहते हैं। वह नयापन उन्हें वेब सीरीजों में मिल रहा है। 
इन दिनों ढेरों वेब सीरीज बन रही है। आपकी वेब सीरीज में नया क्या है? 
वेब सीरीज ज्यादातर युवाओं के नाम पर बन रही है और उनमें अश्लीलता परोसी जा रही है। हमने पारिवारिक अंदाज की कॉमेडी बनाई है। मेरा रोल ऐसी युवती का है जिसे कम सुनाई देता है, परंतु वह यह स्वीकार नहीं करती। इससे उसके और पति की बीच तरह-तरह की प्रॉब्लम खड़ी होती है। वैसे यहां कई सोशल प्रॉब्लम भी दिखेंगी। हमने अभी 10 कड़ियां बनाई है और दो एयर हुई है, जिन्हें बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली। 
आपने पिछले दिनों कहा कि वेब पर सेंसर होना चाहिए, जबकि ज्यादातर कलाकार सेंसर खत्म करने को कह रहे हैं।  वल्गर और चीप चीजें बनाने वाले तो विरोध करेंगे ही। वह क्या दिखा रहे हैं, हम कहां जा रहे हैं, कई बार में समझ नहीं पाती। मुझे लगता है कि मैं ही पुराने ख्यालों की हो गई हूं। शायद मैं अपने मूल्यों को बदल नहीं पाती। मैं ऐसे एंटरटेनमेंट को बुरा मानती हूं, जो परिवार के साथ न देख सके। कपिल के शो में हमने साबित किया कि जरूरी नहीं दर्शकों का सस्ती चीजों से ही मनोरंजन करें। आप साफ-सुथरी चीजों से भी एंटरटेन कर सकते हैं। ऐसा नहीं है तो सूरज बड़जात्या की फिल्में कभी नहीं चलती। 
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का तर्क दिया जाता है। 
यह कौन सी स्वतंत्रता है! इसके नाम पर आप आने वाली पीढ़ी को क्या सिखा-दिखा रहे हैं। 
सिनेमा में जैसा समाज दिखाया जाता है क्या वाकई में वैसा है? 
वैसा समाज नहीं है, लेकिन उल्टी-सीधी चीजें दिखा कर आप उसे वैसा बना रहे हैं। हीरोइनें फिल्मों में कैसे भी छोटे कपड़े पहन लेती है। हालांकि वह उनके प्रोफेशन का हिस्सा है, परंतु उन्हें देखा-देखी युवा लड़कियां भी ऐसे कपड़े पहनती हैं। आप देखिए कि फिर कैसे-कैसे हादसे होते हैं। 
कपिल शर्मा के शो में बुआ जी बनकर आपको सबसे ज्यादा लोकप्रियता मिली। यह रोल कैसे मिला था? 
आजकल हर शो में किरदारों के लिए दर्जनों ऑडिसन होते हैं, लेकिन बुआ जी के लिए कोई ऑडिसन नहीं हुआ। कपिल और चैनल दोनों की पसंद मैं थी। कपिल ने मेरे घर आकर रोल सुनाया। तब वह शो केवल 26 एपिसोड के लिए अप्रूव हुआ था, क्योंकि उसकी जगह अनिल कपूर का शो '24' आने वाला था। उसकी मेकिंग में विलंब हो रहा था। मगर कपिल का शो इतना लोकप्रिय हुआ कि चैनल ने '24' का समय आगे बढ़ा दिया। हमारा शो नंबर वन हो गया। 
भले ही आपने ऑडिशन नहीं दिया, लेकिन कपिल की बुआ बनने से पहले तो कुछ सोचा होगा?
शो से पहले मैंने जो फिल्में या सीरियल किए थे, उनमें मेरी खूबसूरती की तारीफ होती थी। लेकिन पहली बार था कि मुझे शो पर कहा जा रहा था कि तुम सुंदर नहीं हो, तुम्हारी उम्र हो चुकी है, इसलिए अब शादी भी नहीं हो सकती। शो में मैं ऐसी हो चुकी हूं कि पिता की उम्र के लोग भी मुझ से दूर भागते हैं.... मैं हर किसी से कहती फिरती हूं कि 'आई एम 22 ईयर ओल्ड हॉट सेक्सी एंड ग्लैमरस' मेरे पति का कहना था कि दर्शकों को जैसा दिखाया जाता है, वैसा ही वे देखने लगते हैं। अतः यह रोल करने में खतरा है। लेकिन मैं हमेशा एक्सपेरिमेंट करती रही हूं और मैंने जोखिम लिया। मैं अपने डायलॉग में पंजाबी तड़का लगा कर कैरेक्टर को बहुत मासूम बना दिया और वह चल निकला। 
कपिल के शो पर आरोप लगे कि इसमें महिला किरदारों (बुआ और पत्नी) का अपमान करने वाली बातें होती हैं। इसका बचाव कैसे करेंगी आप?
बात यह है कि हम किसी चीज को किस नजरिए से देखते हैं। कॉमेडी फिल्मों में आप लॉजिक तो नहीं ढूंढते। सिर्फ हंसने जाते हैं वैसे ही इस शो का है कि इसे हंसाने के लिए बनाया गया है। शो में कपिल खुद अपनी भी इंसल्ट कराते थे। सारे किरदार अपने ऊपर हंसकर दर्शकों को हंसाते थे और जो मेहमान हमारे यहां आते थे, उन्हें सिर माथे पर बिठाते थे। 
दो कदम और 
उपासना वेब की दुनिया में अपना इंटरव्यू शो ला रही है- फायर ते डिज़ायर। इसमें वह इंटरटेनमेंट की दुनिया के दो लोगों को आमने-सामने बैठाकर बात करेंगी। इनमें से एक नामी हस्ती होगा। और दूसरा स्ट्रगलर। 
उपासना आने वाले दिनों में फिल्म प्रोड्यूसर-डायरेक्टर के रूप में भी नजर आएंगी। इस साल वह एक हिंदी और एक पंजाबी फिल्म का निर्माण करेंगी। हिंदी फिल्म कॉमेडी होगी इसका निर्देशन वह खुद करेंगी। 

0 comment:

Post a Comment